बरेली। जनपद के हाफिजगंज थाना क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। पहरापुर गांव में गेहूं चोरी के आरोप में एक बुजुर्ग को बिजली के खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटा गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बुजुर्ग को मुक्त कराया और मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी चंद्रसेन पर दो बोरी गेहूं चोरी करने का आरोप लगाया गया था। आरोप है कि इसी बात से नाराज कुछ लोगों ने कानून अपने हाथ में लेते हुए बुजुर्ग को पकड़ लिया और बिजली के खंभे से बांध दिया। इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई और घंटों तक सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चंद्रसेन को लोगों के चंगुल से छुड़ाया। पुलिस ने घायल बुजुर्ग को उपचार के लिए भेजते हुए पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों के बीच इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट कहा है कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। चोरी का आरोप होने पर भी कार्रवाई का अधिकार केवल कानून और पुलिस को है। मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


