39 C
Lucknow
Saturday, May 16, 2026

संपूर्ण समाधान दिवस में उमड़ी फरियादियों की भीड़, 129 शिकायतों में सिर्फ 7 का मौके पर निस्तारण

Must read

राजस्व, पुलिस और बिजली विभाग से जुड़ी शिकायतें रहीं सबसे अधिक, अधिकारियों ने सुनीं समस्याएं

कायमगंज/फर्रुखाबाद। तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की भारी भीड़ उमड़ी। समाधान दिवस की अध्यक्षता एसडीएम रविंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में सम्पन्न हुई, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने जनता की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

समाधान दिवस में कुल 129 शिकायती पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से केवल 7 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया जा सका। सबसे अधिक शिकायतें राजस्व, पुलिस और बिजली विभाग से संबंधित रहीं।

समाधान दिवस में पहुंची फरियादी अनंतप्रिय उर्फ सत्यप्रिया पुत्री राजेंद्र प्रसाद निवासी बारह पत्थर थाना कम्पिल ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उनकी माता कृष्णा कुमारी पत्नी राजेंद्र प्रसाद द्वारा वर्ष 2008 में गाटा संख्या 489 रकबा 0.352 हेक्टेयर भूमि का संपूर्ण भाग रामवती पत्नी रामनाथ एवं उनकी दो बहनों मुला देवी और रामलली से विक्रय पत्र के माध्यम से खरीदा गया था। दाखिल-खारिज की प्रक्रिया में विक्रेताओं के नाम भी निरस्त हो चुके थे।

पीड़िता का आरोप है कि इसके बावजूद रामवती और उनके पुत्र भारत ने यह जानते हुए भी कि भूमि बिक चुकी है, कथित रूप से बैंक से जालसाजी कर उसी भूमि पर एक लाख तीस हजार रुपये का ऋण प्राप्त कर लिया। मामले को लेकर प्रार्थना पत्र देकर जांच और कार्रवाई की मांग की गई।

वहीं एक अन्य फरियादी नारायणगिरी ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि कम्पिल थाना क्षेत्र के मौजा जिनौल स्थित गाटा संख्या 254 रकबा 1.45 हेक्टेयर भूमि में उनके मृतक पिता की विरासत दर्ज है। आरोप है कि सहखातेदार उनकी भूमि पर अवैध कब्जा किए हुए हैं और कब्जा हटाने की बात कहने पर गाली-गलौज तथा मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। पीड़ित ने प्रशासन से न्याय दिलाने की गुहार लगाई।

समाधान दिवस में अधिकारियों ने संबंधित विभागों को शिकायतों के त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।

इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, सीओ राजेश कुमार द्विवेदी, नायब तहसीलदार हर्षित, नायब तहसीलदार अनवर हुसैन, एसडीओ समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article