कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित विशेष बैठक में साहित्य, संगीत और नाट्य कला से जुड़े लोगों का बढ़ाया उत्साह
फर्रुखाबाद। जनपद के साहित्यकारों, नाट्य कलाकारों और संगीत साधकों के लिए उस समय गौरव का क्षण बन गया, जब जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर द्वारा उन्हें सम्मानित किया गया। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित विशेष बैठक में जिले की सांस्कृतिक और साहित्यिक प्रतिभाओं को सम्मान देकर उनके योगदान की सराहना की गई।
बैठक में नगर के विभिन्न साहित्यकारों, रंगकर्मियों और संगीत कलाकारों को आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने कला और साहित्य को समाज की आत्मा बताते हुए कहा कि ऐसे रचनात्मक लोग समाज को नई दिशा देने का कार्य करते हैं। उन्होंने सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने की बात कही।
कार्यक्रम में मौजूद साहित्य प्रेमियों और कलाकारों ने जिलाधिकारी के इस प्रयास की सराहना की। साहित्यकार निमिष टंडन, अभिनय दीक्षित ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि जिलाधिकारी द्वारा सम्मानित होना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि इस विशेष बैठक में नगर के साहित्यकारों, नाट्य कलाकारों और संगीत कलाकारों को सम्मानित किए जाने से सभी कला प्रेमियों का उत्साह बढ़ा है।
उन्होंने जिलाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा साहित्य और संस्कृति से जुड़े लोगों को सम्मान देना समाज में सकारात्मक संदेश देता है और नई पीढ़ी को भी कला एवं साहित्य की ओर प्रेरित करता है।
कार्यक्रम के दौरान कलाकारों और साहित्यकारों ने सांस्कृतिक गतिविधियों को और अधिक प्रोत्साहन देने की मांग भी उठाई। बैठक का माहौल साहित्यिक और सांस्कृतिक संवादों से सराबोर रहा।


