शाहजहांपुर। जलालाबाद थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने और सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से फर्जी ज्वाइनिंग लेटर, रबर मुहर, चेकबुक और अन्य कूटरचित दस्तावेज बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक बरेली निवासी सचिन शर्मा खुद को सरकारी अधिकारी बताकर युवती और उसके परिवार के संपर्क में आया था। आरोपी ने सरकारी नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाकर करीब 30 लाख रुपये और जेवरात हड़प लिए। इतना ही नहीं, फर्जी नियुक्ति पत्र और ऑफर लेटर दिखाकर युवती की बैंक की नौकरी भी छुड़वा दी। आरोप है कि आरोपी ने शादी का वादा कर युवती से कई बार शारीरिक संबंध बनाए। जब पीड़िता को शक हुआ तो उसने थाना जलालाबाद में मुकदमा दर्ज कराया। जांच के दौरान पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार रात करीब 10 बजे अतिवरा गंगा एक्सप्रेस-वे पुल के नीचे से आरोपी को दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से फर्जी दस्तावेज, मोबाइल फोन, डेबिट कार्ड और कई संदिग्ध कागजात बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


