30 C
Lucknow
Friday, May 15, 2026

भांवरों के दौरान दूल्हे को पड़ा दौरा, दुल्हन ने शादी से किया इंकार

Must read

फर्रुखाबाद:
जनपद के एक गांव में आयोजित विवाह समारोह उस समय चर्चा का विषय बन गया जब भांवरों के दौरान दूल्हे को अचानक दौरा पड़ गया। घटना के बाद दुल्हन ने शादी करने से साफ इंकार कर दिया। काफी देर तक दोनों पक्षों के लोग दुल्हन को मनाने में जुटे रहे, लेकिन वह अपने निर्णय पर अडिग रही। अंततः लेन-देन का हिसाब होने के बाद बरात बिना दुल्हन के वापस लौट गई।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति की पुत्री का विवाह जनपद जसवंतनगर क्षेत्र से आए युवक के साथ तय हुआ था। बुधवार रात बरात धूमधाम से गांव पहुंची, जहां बरातियों का स्वागत बड़े उत्साह के साथ किया गया। जयमाल कार्यक्रम भी शांतिपूर्वक संपन्न हो गया और विवाह की अन्य रस्में शुरू हुईं।
बताया गया कि भोर के समय जब विवाह मंडप में भांवरों की रस्म चल रही थी, तभी दूसरी भांवर के दौरान दूल्हा अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। कुछ देर बाद जानकारी हुई कि उसे मिर्गी का दौरा पड़ा था। इस घटना से विवाह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों पक्षों के लोग चिंतित हो उठे।
काफी देर बाद दूल्हे को होश आया, लेकिन इस बीच दुल्हन ने शादी से इंकार कर दिया। परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों ने उसे समझाने का प्रयास किया, मगर दुल्हन ने स्पष्ट कहा कि वह यह विवाह नहीं करेगी। उसने यह भी कहा कि जबरन शादी कराए जाने पर परिणाम गंभीर हो सकते हैं। दुल्हन की मां ने भी बेटी के फैसले का समर्थन करते हुए रिश्ता आगे बढ़ाने से मना कर दिया।
दोपहर बाद गांव के पूर्व प्रधान और अन्य संभ्रांत लोगों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच लेन-देन का हिसाब-किताब किया गया। इसके बाद बरात बिना दुल्हन के वापस लौट गई।
घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। हालांकि मामले में किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article