फर्रुखाबाद। थाना शमशाबाद क्षेत्र में एक युवक द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किए जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि परिजनों की सतर्कता के चलते समय रहते उसकी जान बचा ली गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना शमशाबाद क्षेत्र के गांव हैबतपुर गढ़िया निवासी राजू (पुत्र मुंशीलाल) ने अज्ञात कारणों के चलते अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर उसे फंदे से नीचे उतार लिया।
गंभीर हालत में युवक को आनन-फानन में डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उसे भर्ती कर उपचार शुरू किया गया है। चिकित्सकों के अनुसार, युवक की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
घटना के पीछे के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है और परिजनों से पूछताछ कर रही है।
फांसी लगाकर युवक ने किया आत्महत्या का प्रयास, परिजनों ने बचाकर अस्पताल पहुंचाया


