– विरोध पर गर्भपात और हैवानियत!”
– दहेज, धोखाधड़ी और प्रताड़ना से टूटा विवाह
– एसपी से लगाई इंसाफ की गुहार
कन्नौज/फर्रुखाबाद। कथित रसूखदार और धोखेवाज पति व उसके परिजनों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से पीड़ित बेटी नें न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता का आरोप है कि उसके साथ न सिर्फ वैवाहिक धोखाधड़ी की गई, बल्कि शादी के बाद उसे मानसिक, शारीरिक और अप्राकृतिक यातनाओं का शिकार बनाया गया।
पीड़िता ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि उसका विवाह 2 मार्च 2025 को फतेहगढ़ निवासी रवि प्रताप सिंह के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। परिवार ने अपनी हैसियत से बढ़कर दान-दहेज, जेवरात और घरेलू सामान दिया, लेकिन शादी के कुछ ही दिनों बाद उसके सपनों का संसार बिखर गया।
शिकायत के मुताबिक गुरुग्राम में पति के साथ रहने पहुंची तो उसको पता चला कि उसका पति पहले से ही दूसरी महिला के साथ पति-पत्नी की तरह रह रहा था। इतना ही नहीं, आरोपी ने अपनी पहली शादी और पुराने संबंधों की सच्चाई भी छिपाई। पीड़िता का आरोप है कि यदि उसे पहले से इन तथ्यों की जानकारी होती तो यह विवाह कभी नहीं होता।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि पति रवि प्रताप सिंह सेंगर उसे लगातार प्रताड़ित करता था। विरोध करने पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकियां दी जाती थीं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी द्वारा अप्राकृतिक तरीके से शारीरिक शोषण किया जाता था। मामला यहीं नहीं रुका। पीड़िता का आरोप है कि उस पर जबरन गर्भपात कराने का दबाव बनाया गया और उसकी इच्छा के विरुद्ध गर्भ समाप्त कराया गया।
सबसे सनसनीखेज आरोप यह है कि 3 जनवरी 2026 को पीड़िता ने अपने पति को कथित प्रेमिका के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया था। उस दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंची थी, लेकिन सामाजिक बदनामी के डर से उसने लिखित शिकायत नहीं दी। पीड़िता का कहना है कि इसके बाद ससुराल पक्ष का रवैया और अधिक हिंसक हो गया।
महिला ने अपने ससुर अनंग पाल सिंह सेंगर, सास सुषमा सिंह और देवर सूर्य प्रताप सिंह पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत में कहा गया है कि फर्रुखाबाद स्थित ससुराल पहुंचने पर देवर ने उसके साथ अश्लील हरकतें कीं और संबंध बनाने का प्रयास किया। विरोध करने पर उसे धमकाया गया और घर से निकाल दिया गया।
पीड़िता ने पुलिस को चैट, ऑडियो, वीडियो, मेडिकल दस्तावेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य उपलब्ध कराने की बात कही है। उसने आशंका जताई है कि आरोपी पक्ष से उसकी और उसके परिवार की जान को खतरा है।


