37 C
Lucknow
Wednesday, May 13, 2026

पुलिस से मिलीभगत का खेल : खेत के रास्ते के विवाद में युवक को गाड़ी से खींचकर बेरहमी से पीटा, पीड़ित पर ही दर्ज हुआ मुकदमा

Must read

सोशल मीडिया पर अबैध हथियार दिखाते, और मारपीट करने का वीडियो वायरल

फर्रुखाबाद

जनपद में दबंगई, मारपीट और पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। थाना कमालगंज क्षेत्र के ग्राम गोसपुर निवासी एजाज हुसैन ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर गांव के प्रधान और उसके समर्थकों पर खेत में जबरन रास्ता निकालने, मारपीट करने और परिवार को लगातार धमकाने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि दबंगों ने उसके बेटे राहत को रास्ते में रोककर गाड़ी से नीचे खींच लिया और कपड़े उतरवाकर बेरहमी से पीटा, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।
पीड़ित के अनुसार उसका खेत गदनपुर देवराजपुर में स्थित है, जिसके पीछे ग्राम प्रधान उवैश खां का खेत है। आरोप है कि प्रधान काफी समय से जबरन खेत में रास्ता मांग रहा था और विरोध करने पर आए दिन विवाद व धमकी देता था। शिकायत में कहा गया है कि 24 अप्रैल 2026 को राहत अपनी गाड़ी से कमालगंज जा रहा था, तभी प्रधान पक्ष के कई लोगों ने रास्ता रोक लिया। आरोप है कि बिलाल उर्फ चांद मियां, आदिल उर्फ दूल्हा, आयाज उर्फ आकाश, सरफराज, कलीम, कादिल, आमन समेत कई लोगों ने राहत को गाड़ी से खींच लिया, उसकी जेब से मोबाइल और नकदी निकाल ली तथा लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
मामले को और गंभीर बनाते हुए पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि गांव के कई दबंग आए दिन अवैध असलहे लेकर घूमते हैं और उनके हथियारों के साथ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं। आरोप कि आरोपी आयाज और सरफराज पुत्रगण कलीम को मुंबई के मीरा रोड क्षेत्र से गुंडा घोषित कर जिला बदर भी किया जा चुका है। इसके बावजूद गांव में उनका खौफ कायम है और खुलेआम दबंगई की जा रही है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय आरोपियों से सांठगांठ कर उल्टा राहत के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर दिया। इससे परिवार दहशत और भय के माहौल में जीने को मजबूर है। शिकायतकर्ता ने पुलिस अधीक्षक से वायरल वीडियो और घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराकर आरोपियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
गांव में वायरल वीडियो और लगातार उठ रहे सवालों के बाद अब पूरे मामले में पुलिस की भूमिका भी चर्चा के केंद्र में आ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र में कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा हो सकता है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article