37 C
Lucknow
Wednesday, May 13, 2026

नाला सफाई की पोल खुली, नगर आयुक्त ने की बड़ी कार्रवाई

Must read

आगरा
मानसून से पहले नालों की सफाई को लेकर नगर निगम की व्यवस्थाओं की हकीकत उस समय सामने आ गई, जब नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य खुद शहर के विभिन्न इलाकों का निरीक्षण करने निकले। नगर निगम सदन में नाला सफाई को लेकर हुए हंगामे और पार्षदों के विरोध प्रदर्शन के बाद मंगलवार को नगर आयुक्त ने मधुनगर, सेवला मार्ग और वार्ड-35 स्थित डेरा सरस के नाला कंसखार गेट क्षेत्र का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्हें नालों में भारी गंदगी, जमा सिल्ट और कचरा मिला, जिससे निगम के सफाई दावों की पोल खुल गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने दो आउटसोर्स सफाईकर्मियों को सेवा से हटा दिया और संबंधित अधिकारियों पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए।
मधुनगर रोड पर सफाई व्यवस्था बेहद खराब मिली। सड़क किनारे जगह-जगह कूड़े के ढेर पड़े थे और नालियां पूरी तरह चोक थीं। क्षेत्र में कोई सफाई मित्र मौजूद नहीं मिला, जबकि सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम कूड़ा जलाया जा रहा था। नगर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए नगर स्वास्थ्य अधिकारी को साप्ताहिक नाला सफाई रोस्टर तैयार करने और उसे क्षेत्रीय पार्षदों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नाला कंसखार में नाले के किनारे भारी मात्रा में सिल्ट जमा मिली, जिससे बारिश के दौरान जलभराव का खतरा बढ़ गया है।
क्षेत्रीय एसएफआई ने नगर आयुक्त को बताया कि रात के समय फैक्टरी संचालक नालों में चमड़े की कतरन फेंक देते हैं, जिससे नाले अवरुद्ध हो जाते हैं। इस पर नगर आयुक्त ने रात में नियमित रूप से कतरन एकत्र करने वाले वाहन की तैनाती करने के आदेश दिए। हालांकि, जब उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत की तो सफाई व्यवस्था की असली स्थिति सामने आ गई। लोगों ने शिकायत की कि इलाके में नियमित सफाई नहीं होती और सफाईकर्मी केवल मुख्य मार्गों तक सीमित रहते हैं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ने एसएफआई एमपी सिंह को मुख्यालय से संबद्ध करने, सफाई मित्र सतीश को सेवा से हटाने और सफाईकर्मी रोहित का स्थानांतरण करने के निर्देश जारी कर दिए।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में अवैध बाड़ा भी पाया गया, जिस पर तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए गए। वहीं एसएन मेडिकल कॉलेज क्षेत्र से गुजरने वाले नाले के निरीक्षण में नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा ने बताया कि चेन मशीन से सफाई कार्य चल रहा है, लेकिन मशीन चालक उदयवीर सिंह मौके पर मौजूद नहीं मिला। इसे लापरवाही मानते हुए नगर आयुक्त ने चालक को तुरंत बर्खास्त करने के निर्देश दिए। सिटी स्टेशन रोड नाले के निरीक्षण में पार्षदों ने शिकायत की कि नाले की पूरी तली साफ करने के बजाय केवल एक तरफ की सिल्ट निकाली जा रही है, जिस पर नगर आयुक्त ने तलीझाड़ सफाई सुनिश्चित करने के आदेश दिए।
भैंरों नाला क्षेत्र में दुकानदारों ने बताया कि प्राचीन पुलिया के नीचे मिर्च के कट्टे और अन्य कचरा फेंकने से पानी का निकास पूरी तरह बाधित हो गया है। नगर आयुक्त ने तत्काल सफाई कराकर नाले को चालू कराने के निर्देश दिए। इस पूरे निरीक्षण अभियान के दौरान अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। नगर निगम की इस कार्रवाई के बाद शहर में सफाई व्यवस्था को लेकर प्रशासन की सक्रियता बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article