शमशाबाद, फर्रुखाबाद। विकास खण्ड शमशाबाद स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में मंगलवार को “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” योजना के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देशन में महिला कल्याण विभाग द्वारा संपन्न कराया गया, जिसमें बालिकाओं को शिक्षा, सुरक्षा और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ विमेन की जेंडर स्पेशलिस्ट निर्मला राजपूत ने बालिकाओं को शिक्षा का महत्व बताते हुए कहा कि “पढ़ी-लिखी बेटी दो घरों को रोशन करती है।” उन्होंने कहा कि समाज में लंबे समय तक बेटा-बेटी के बीच भेदभाव किया जाता रहा, लेकिन अब सरकार बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण योजनाएं चला रही है।
उन्होंने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि यह योजना जन्म से लेकर स्नातक स्तर तक बालिकाओं को छह श्रेणियों में आर्थिक सहायता प्रदान करती है। साथ ही मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना समेत सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के पंपलेट वितरित कर छात्राओं को उनके लाभों के बारे में अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। इनमें 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 1090 वीमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा तथा स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित 108 और 102 नंबर शामिल रहे।
वन स्टॉप सेंटर से आई काउंसलर रागिनी ने बालिकाओं को सेंटर द्वारा दी जाने वाली सहायता और सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न या संकट की स्थिति में बालिकाएं वन स्टॉप सेंटर से सहायता प्राप्त कर सकती हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय की वार्डन संध्या सिंह सहित अन्य अध्यापिकाएं एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए शिक्षा और आत्मनिर्भरता का संकल्प लिया।


