अमृतपुर, फर्रुखाबाद
थाना अमृतपुर क्षेत्र के गांव बलीपट्टी रानीगांव के सामने शुक्रवार को एक सड़क हादसे में चाचा-भतीजा घायल हो गए। बताया गया कि बाइक सवार सड़क पर अचानक सामने आए एक बच्चे को बचाने का प्रयास कर रहे थे, तभी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई और दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।
घायलों की पहचान थाना राजेपुर क्षेत्र के गांव गांधी निवासी शिवम पुत्र श्रीकृष्ण उम्र लगभग 28 वर्ष एवं जिगर पुत्र जितेंद्र कुमार उम्र लगभग 12 वर्ष के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर भिजवाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार सामान्य गति से जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पर अचानक एक बच्चा आ गया। बच्चे को बचाने के प्रयास में चालक ने बाइक मोड़ दी, जिससे वाहन असंतुलित होकर सड़क पर फिसल गया। हादसे में दोनों को चोटें आई हैं।
घटना के बाद कुछ देर तक मौके पर लोगों की भीड़ लगी रही। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और आवश्यक जानकारी जुटाई।


