28 C
Lucknow
Saturday, May 9, 2026

तेज रफ्तार लोडर ने ऑटो को रौंदा, पिता-पुत्री की मौत,आठ घायल

Must read

कानपुर देहात। कानपुर-रसूलाबाद मार्ग पर शनिवार देर शाम हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। कहिंजरी विद्युत उपकेंद्र के पास तेज रफ्तार लोडर ने सामने से आ रहे ओवरलोड ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पिता और पुत्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रसूलाबाद पहुंचाया।

मृतकों की पहचान कहिंजरी निवासी दीपू (40) और उनकी छह वर्षीय बेटी नैना के रूप में हुई है। वहीं पत्नी सोनम, दूसरी बेटी गहना समेत पांच गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अकबरपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

परिजनों के मुताबिक दीपू का परिवार गेस्टहाउस और समारोहों में साफ-सफाई का काम करता था। शनिवार शाम परिवार ऑटो से गेस्टहाउस में काम करने जा रहा था। ऑटो में पहले से कई सवारियां मौजूद थीं। गेस्टहाउस से कुछ दूरी पहले कानपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार लोडर ने ऑटो में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सवार लोग सड़क पर जा गिरे।

हादसे में सोनम, गहना, रामवती, तारादेवी, सीता देवी समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने किसी तरह घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। घायल सोनम बार-बार पति और बेटी के बारे में पूछती रही। लोगों ने उसे ढांढस बंधाया, लेकिन पति और बेटी की मौत की खबर सुनते ही वह बेसुध हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही तहसीलदार संतोष कुमार सिंह, नायब तहसीलदार शिवदर्शन सिंह, सीओ आलोक कुमार और थाना पुलिस सीएचसी पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर लोडर चालक को हिरासत में ले लिया है।

थानाध्यक्ष एसएन सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस हादसे के बाद एक बार फिर ओवरलोडिंग और यातायात नियमों की अनदेखी पर सवाल खड़े हो गए हैं। कुछ दिन पहले भी शिवली चौराहे पर ओवरलोड ऑटो हादसे में दो लोगों की मौत हुई थी, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन ने कोई सख्त कदम नहीं उठाया। शनिवार को हादसे का शिकार बना ऑटो भी क्षमता से कई गुना अधिक सवारियां लेकर चल रहा था।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article