लखनऊ। स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रविवार को SGPGI की ओर से ‘पिंक वेव-2026’ वॉकथॉन का आयोजन किया गया। इसमें 500 से अधिक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागी पिंक ड्रेस, टी-शर्ट, कैप और रिबन पहनकर सड़क पर उतरीं और लोगों को स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
वॉकथॉन की शुरुआत वीमेन पावर लाइन 1090 चौराहे से हुई। प्रतिभागी फूड वैली और समता मूलक चौराहे से होते हुए वापस वीमेन पावर लाइन चौराहे पहुंचीं। कार्यक्रम में महिलाओं के साथ छात्राएं, डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम नागरिक भी शामिल हुए।
विंटेज कारों ने खींचा लोगों का ध्यान
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान विंटेज कारों की रैली भी आयोजित की गई। रैली में कई पुरानी और आकर्षक कारें शामिल रहीं। इनमें अभिनेता अमरीश पुरी की फिल्म ‘गदर’ में नजर आई कार भी आकर्षण का केंद्र रही। रैली और वॉकथॉन के जरिए लोगों को स्तन कैंसर के प्रति जागरूक रहने और समय पर जांच कराने का संदेश दिया गया।
आयोजकों का कहना था कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य बीमारी को लेकर जागरूकता बढ़ाना और महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित करना है।


