फर्रुखाबाद। महाराणा प्रताप जयंती पर रोडवेज बस अड्डे पर आयोजित भव्य समारोह में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की सक्रिय मौजूदगी भी चर्चा का केंद्र बनी रही। जिले भर से पहुंचे क्षत्रिय समाज के लोगों ने संगठन के प्रति खुलकर आभार जताया और राष्ट्रीय नेता राघवेंद्र सिंह राजू को हाथों-हाथ लिया। कार्यक्रम स्थल पर उनके पहुंचते ही समर्थकों और समाज के लोगों ने जोरदार स्वागत किया।
महाराणा प्रताप की प्रतिमा लोकार्पण के दौरान क्षत्रिय समाज के युवाओं और पदाधिकारियों में खास उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में पहुंचे समाज के लोगों ने कहा कि अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा लगातार समाज की एकजुटता और सम्मान के लिए कार्य कर रही है। समारोह में राघवेंद्र सिंह राजू की सक्रिय मौजूदगी ने संगठन की ताकत का भी एहसास कराया।
कार्यक्रम स्थल पर कई बार महाराणा प्रताप अमर रहें और क्षत्रिय समाज एकता जिंदाबाद के नारे गूंजे। समर्थकों ने राघवेंद्र सिंह राजू को फूल-मालाओं से लाद दिया और उनके साथ फोटो खिंचवाने की होड़ लगी रही। राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी उनकी मौजूदगी को महत्वपूर्ण माना गया।
समारोह में प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह, सांसद मुकेश राजपूत, विधायक और कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। भारी भीड़ के चलते रोडवेज बस अड्डा क्षेत्र पूरी तरह भीड़ से भर गया और सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस प्रशासन को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी।
महाराणा प्रताप जयंती में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा का दिखा दम, राष्ट्रीय नेता राघवेंद्र सिंह राजू का हुआ भव्य स्वागत


