25 C
Lucknow
Monday, May 4, 2026

अयोध्या से लौट रहे 8 की मौत से मचा हाहाकार

Must read

=डंपर के अचानक ब्रेक लगाने से हुआ भीषण हादसा
यूथ इंडिया समाचार
उरई(जालौन)। जालौन जनपद के कालपी कोतवाली क्षेत्र में एनएच 27 पर चौरासी गुम्बद से पास सोमवार को सुबह हुए एक भीषण सडक़ हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया है। यहां झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार टवेरा कार और अज्ञात डंपर की जोरदार भिड़ंत में 8 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
हादसा इतना भयावह था कि करीब सौ किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से आ रही टवेरा कार पीछे से डंपर में जा घुसी। टक्कर के बाद कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। 2 अन्य घायलों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालपी में दम तोड़ दिया। बाकी 4 घायल जो टवेरा में बुरी तरह फंस गए थे, उन्हें गाड़ी काटकर निकाला गया और इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज उरई से चिंताजनक हालत में कानपुर रेफर किया गया है। मेडिकल कॉलेज कानपुर में इलाज के दौरान दो लोगों नें दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक हादसे से जालौन समेत ललितपुर जिले में हडक़ंप मचा है। सभी मरने वाले और घायल श्रद्धालु महरौनी के निवासी थे जो अयोध्या से लौट रहे थे।
घटनाक्रम के बारे में मिली जानकारी के अनुसार कार सवार सभी लोग अयोध्या में खंडित मूर्ति विसर्जन के लिए गये थे। मूर्ति विसर्जन के बाद रामलाल के दर्शन कर अपने घर महरौनी ललितपुर लौट रहे थे। जारी है। बताया जाता है कि घटना की जानकारी मिलने पर सीओ कालपी अवधेश कुमार सिंह और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रम्हा तिवारी पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गये।
पुलिस ने सबसे पहले घायलों को बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी टवेरा को कटर से कटवाकर निकलवाया और इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। इसी के साथ जाम खुलवाकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई।
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन भी तुरंत हरकत में आ गया। डीएम राजेश कुमार पाण्डेय और एसपी विनय कुमार सिंह ने घटनास्थल और राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। डीएम और एसपी ने घायलों से जानकारी लेने की कोशिश भी की लेकिन कोई भी बोलने की स्थिति में नहीं था। जो 8 लोग इस भीषण सडक़ दुर्घटना में मरे हैं उनमें कृष्णकांत नायक 40 पुत्र बाबूलाल, स्वामी प्रसाद तिवारी 68 पुत्र धर्मदास, कथावाचक मनोज भोड़ले 39 पुत्र ओमप्रकाश, देशराज नामदेव 38 पुत्र द्वारिका, उमेश तिवारी 23 पुत्र रामगोपाल तिवारी, शशिकांत 49 पुत्र उत्तम तिवारी,दीपक तिवारी 26 पुत्र टीकाराम,एवं ब्रजभूषण तिवारी 45 अभी निवासीगण खरवाचो का पुरा टीकमगढ़ रोड महरौनी जिला ललितपुर के निवासी थे।
वहीं घायलों में हरिमोहन तिवारी 55 पुत्र परशुराम के अलावा अंशुल तिवारी 22 पुत्र बालमुकुंद और सभी निवासी पता उपरोक्त के नाम शामिल बताये जा रहे हैं। इस दर्दनाक हादसे का प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज और राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने बताया कि अभी हादसे की सही वजह पता नहीं चल पाई है, हादसा कैसे हुआ इसकी जांच कराई जा रही है। उस वाहन का भी पता लगाया जा रहा है, जिससे टवेरा की भिड़ंत हुई है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article