–हल्के में तीन दरोगा तैनात, अपराध पर अंकुश और खुलासा दूर की कौड़ी
शाहजहांपुर। गांव चौढेरा में महिला के घर से दो मोबाइल और दो गैस सिलेंडर चोरी होने के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। कहने को तो हल्का क्षेत्र में तीन दरोगाओं और सिपाहियों की तैनाती है, पर वारदात का खुलासा एक सप्ताह बाद भी नहीं हो सका है। हल्के में तैनात दरोगा सत्येन्द्र सिंह का आलम तो यह है कि कहते हैं कि वे इंस्पेक्टर की भी नहीं सुनते। ऐसे में निर्देशों का पालन होना तो दूर की कौड़ी लगती है।
थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के गांव चौढेरा निवासी पूजा शर्मा पत्नी कुलदीप शर्मा ने करीब एक सप्ताह पूर्व दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वे घर में सो रही थीं। रात पानी पीने के लिए उठी और टाइम देखने के लिए अपना मोबाइल ढूंढा लेकिन मोबाइल गायब था। चोर एक कीपैड और एक टच वाला मोबाइल चुरा ले गए थे। घर में चोरी होने की शंका हुई और घर का सामान चेक किया। किचन में भरा हुआ एक सिलेंडर और एक खाली सिलेंडर चोर चोरी कर ले गए। मामले में रिपोर्ट दर्ज हुए करीब एक सप्ताह से अधिक का समय हो गया है लेकिन अब तक खुलासा तो दूर पुलिस के हाथ एक सबूत तक नहीं लगा है। कहने को तो हल्के में एस आई विक्रम सिंह, एस आई दिनेश कुमार और एस आई सत्येंद्र सिंह की तैनाती है, लेकिन खुलासे को लेकर कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई दी। हल्के में तैनात एस आई सत्येंद्र सिंह का तो यह आलम है कि कहते हैं कि इंस्पेक्टर की भी नहीं सुनते। ऐसे में वारदातों पर अंकुश और खुलासा कैसे संभव है।


