33 C
Lucknow
Saturday, May 2, 2026

नाले के निर्माण में देरी से नाराज व्यापारियों का प्रदर्शन, मुख्य बाजार मार्ग पर लगाया जाम

Must read

 

नवाबगंज। कस्बे के सराय स्थित मुख्य बाजार मार्ग पर चल रहे नाले के निर्माण कार्य में हो रही देरी और सड़क पर डाली गई मिट्टी से परेशान व्यापारियों का गुस्सा शनिवार को फूट पड़ा। आक्रोशित व्यापारियों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क पर बोर्ड लगाकर जाम लगा दिया, जिससे काफी देर तक आवागमन बाधित रहा और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार नगर पंचायत द्वारा सराय क्षेत्र के मुख्य बाजार मार्ग पर जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से नाले का निर्माण कराया जा रहा है। लेकिन निर्माण कार्य के दौरान की गई खुदाई के बाद निकली मिट्टी को सड़क पर ही छोड़ दिया गया है। इससे पूरा मार्ग अव्यवस्थित हो गया है और कीचड़ व धूल के कारण राहगीरों और दुकानदारों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि निर्माण कार्य की रफ्तार बेहद धीमी है, जिससे बाजार का यह महत्वपूर्ण हिस्सा कई हफ्तों से प्रभावित है। सड़क पर पड़े मिट्टी के ढेर और गड्ढों के कारण ग्राहकों का दुकानों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है, जिससे व्यापार पूरी तरह ठप होने की स्थिति में पहुंच गया है। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि इस समस्या की शिकायत कई बार नगर पंचायत से की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकाला गया।
विरोध प्रदर्शन के दौरान अंकित शाक्य, संदीप यादव, दिलीप कुमार, रवि सिंह, राहुल सिंह, सोहिल सिद्दीकी और रामजी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही निर्माण कार्य पूरा कर सड़क को दुरुस्त नहीं किया गया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
इस संबंध में नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि ठेकेदार को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह मुख्य बाजार मार्ग होने के कारण कार्य को प्राथमिकता पर लिया गया है और ठेकेदार को दिन-रात काम कर जल्द से जल्द निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आमजन और व्यापारियों को राहत मिल सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article