30 C
Lucknow
Thursday, April 30, 2026

संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव रेलवे ट्रैक पर मिला, इलाके में सनसनी

Must read

मोहम्मदाबाद (फर्रुखाबाद)।

थाना क्षेत्र के नीमकरोरी गांव निवासी 35 वर्षीय युवक दीपक सक्सेना का शव संदिग्ध परिस्थितियों में रेलवे ट्रैक पर कटे हुए हालात में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दीपक सक्सेना पुत्र स्वर्गीय रामौतार, जो मंदिर के पास पापड़ी की दुकान चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था, बीती रात घर पर अकेला था। उसकी पत्नी सोनी अपने मायके नटवरे गांव, थाना मऊ दरवाजा गई हुई थी और आज ही वापस लौटी थी। बताया गया कि रात में दीपक ने खाना बनाकर खाया था, जिसके बाद वह घर से निकल गया।

सुबह ग्रामीणों ने करीब एक किलोमीटर दूर रेलवे ट्रैक पर उसका शव कटे हुए हालात में देखा, जिसके बाद तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतक के तीन बच्चे—वैष्णवी, दिव्यांशी और आदित्य—हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह हादसा है या फिर आत्महत्या अथवा किसी अन्य कारण से हुई घटना। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article