29 C
Lucknow
Thursday, April 30, 2026

अवैध अस्पतालों और स्वास्थ्य विभाग में अनियमितताओं को लेकर डीएम से शिकायत, जांच की मांग

Must read

फर्रुखाबाद। अवैध रूप से संचालित अस्पतालों और स्वास्थ्य विभाग में कथित अनियमितताओं को लेकर मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस संबंध में भाजपा फतेहगढ़ मंडल के महामंत्री सुमित कटियार ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपा और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

शिकायत में बताया गया कि जिले के लखोला मशीनी रोड पर कई अस्पताल अवैध रूप से संचालित हो रहे हैं। इन अस्पतालों के बोर्ड पर संरक्षक या डॉक्टरों के नाम तो लिखे होते हैं, लेकिन मौके पर संबंधित चिकित्सक मौजूद नहीं रहते। आरोप है कि कई अस्पतालों में एक ही डॉक्टर—डॉ. ए.के. गुप्ता—का नाम बार-बार दर्शाया गया है, जिससे फर्जी संचालन की आशंका जताई जा रही है।

सुमित कटियार ने यह भी गंभीर आरोप लगाया कि इसी वर्ष करीब तीन से चार नवजात शिशुओं के शव मिलने की घटनाएं सामने आई हैं, जो संभावित भ्रूण हत्या की ओर इशारा करती हैं। उन्होंने कहा कि इन अस्पतालों का संचालन अस्थायी ढांचे में, एल्यूमिनियम और प्लाई बोर्ड के पार्टिशन के सहारे किया जा रहा है, जो स्वास्थ्य मानकों के विपरीत है और मरीजों की जान के साथ खिलवाड़ है।

इसके अलावा, उन्होंने स्वास्थ्य विभाग में प्रशासनिक अनियमितताओं का भी मुद्दा उठाया। आरोप लगाया गया कि जिलाधिकारी के कार्यभार ग्रहण करने से पहले मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में नियमों के विरुद्ध डिप्टी सीएमओ डॉ. आर.सी. माथुर को तैनात किया गया, जबकि उनके स्थान पर एसीएमओ डॉ. सर्वेश को चार्ज दिया जाना चाहिए था। साथ ही, चार्ज बदलने से पहले वाहनों के टेंडर सहित अन्य कार्यों को जल्दबाजी में निपटाया गया, जो विभाग में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार की ओर संकेत करता है।

शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया कि इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि जिलाधिकारी स्वयं चिकित्सक होने के कारण स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार की अपार संभावनाएं हैं और उनके नेतृत्व में जनपद को बेहतर सुविधाएं मिल सकती हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article