फर्रुखाबाद। जनपद के पंचाल घाट स्थित महाकाल मंदिर पांचाल घाट में वैशाख शुक्ल चतुर्दशी के पावन अवसर पर भगवान नरसिंह के अवतरण दिवस पर भव्य पूजा-अर्चना एवं जन्मोत्सव का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।
धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान विष्णु के चौथे अवतार भगवान नरसिंह ने अपने परम भक्त प्रहलाद की रक्षा के लिए अत्याचारी राजा हिरण्यकश्यप का वध किया था। इसी पावन प्रसंग की स्मृति में मंदिर में विशेष पूजा का आयोजन किया गया।
मंदिर की महंत अर्चना दीक्षित के नेतृत्व में विधि-विधान से पूजन, आरती और जन्मोत्सव संपन्न हुआ। इस अवसर पर भगवान को फल, फूल, पूरी-सब्जी और पीले चावल का भोग अर्पित किया गया, जिसके बाद प्रसाद का वितरण भक्तों में किया गया। श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर भगवान नरसिंह के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया।
महंत अर्चना दीक्षित ने इस अवसर पर कहा कि जो भी श्रद्धालु सच्चे मन से भगवान नरसिंह की पूजा-अर्चना करता है, उसे भय, कष्ट और शत्रुओं से मुक्ति मिलती है। उन्होंने सभी भक्तों को आशीर्वाद देते हुए जीवन में धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में चंदन सिलाय, विजय आनंद, अवधेश बाजपेई, रामबाबू चौरसिया, बालकृष्ण, लालाराम, सोनू, निर्मला बाजपेई, जगदेवी, सरोज सक्सेना, शिखा, रीना, सपना, अनुज सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। सभी भक्तों ने भक्ति भाव से पूजा में सहभागिता कर भगवान नरसिंह के जन्मोत्सव को हर्षोल्लास के साथ मनाया।


