वाराणसी। प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे से पहले काशी में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन दोपहर में लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचे, जहां उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। एयरपोर्ट पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ मौजूद रही, जिससे पूरे परिसर में उत्साह का माहौल नजर आया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी भी वाराणसी पहुंचे। बाबतपुर एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर अभिनंदन किया। इस मौके पर विधायक डॉ. अवधेश सिंह, शैलेंद्र किशोर पांडेय, प्रदीप जायसवाल, पवन सिंह और डॉ. सोभानाथ यादव समेत कई नेता उपस्थित रहे।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह 11:20 बजे वाराणसी पहुंचे और एयरपोर्ट स्थित वीआईपी लाउंज में कुछ समय रुककर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। वहीं, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी एयरपोर्ट पहुंचीं और वहां से सड़क मार्ग द्वारा सर्किट हाउस के लिए रवाना हो गईं।
प्रधानमंत्री के दो दिवसीय काशी दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। एयरपोर्ट से लेकर शहर के प्रमुख मार्गों तक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। अधिकारियों द्वारा लगातार तैयारियों का जायजा लिया जा रहा है। बरेका स्थित जनसभा स्थल पर भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पीएम मोदी के स्वागत के लिए सुबह से ही मंत्रियों और भाजपा नेताओं का जमावड़ा लगा रहा, जिससे काशी में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिल रहा है।


