मेरठ से प्रयागराज तक 594 किलोमीटर लंबा सिक्स लेन ग्रीनफील्ड गंगा एक्सप्रेस-वे अब पूरी तरह तैयार हो गया है। यह प्रदेश की सबसे महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में से एक मानी जा रही है, जिसका एक बड़ा हिस्सा संभल जनपद से होकर गुजरता है। इससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी के साथ-साथ औद्योगिक विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
संभल जनपद में यह एक्सप्रेस-वे लगभग 38.650 किलोमीटर क्षेत्र में फैला है। जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया के अनुसार, यह मार्ग 92 चैनेज से 131 चैनेज के बीच आता है और इसके लिए कुल 31 गांवों की भूमि का अधिग्रहण किया गया है।
यात्रा सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक्सप्रेस-वे पर दो प्रमुख ‘कट’ बनाए गए हैं, जिनमें एक खिरनी (102 चैनेज) और दूसरा लहरावन (123 चैनेज) पर स्थित है। इन कटों के माध्यम से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
एक्सप्रेस-वे के आसपास औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष औद्योगिक गलियारा भी विकसित किया जा रहा है। इसके लिए चार गांवों में 239 हेक्टेयर भूमि चिन्हित की गई है, जहां मैंथा, आलू, स्ट्रॉबेरी, मोती और हस्तशिल्प जैसे उद्योगों को स्थापित करने की योजना है।
जिलाधिकारी ने बताया कि कई उद्यमी पहले से ही इन क्षेत्रों में भूमि खरीदकर निवेश की तैयारी कर रहे हैं, जिससे रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
एक महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए प्रशासन ने बताया कि लहरावन कट (123 चैनेज) के पास स्थित अचलपुर गांव में 29 अप्रैल को भव्य उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें 5,000 से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है और कार्यक्रम स्थल पर जर्मन हैंगर लगाया जाएगा।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के होमगार्ड राज्य मंत्री धर्मवीर प्रजापति मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। साथ ही यह भी बताया गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 अप्रैल को हरदोई से इस परियोजना का औपचारिक शुभारंभ करेंगे।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। एक्सप्रेस-वे पर बाइक का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा और नियम तोड़ने पर जुर्माना लगाया जाएगा। पूरे मार्ग पर 24 घंटे सीसीटीवी निगरानी की जाएगी और हर 15 किलोमीटर पर पुलिस सहायता केंद्र बनाए जाएंगे।
यूपीडा के एक्सईएन राकेश कुमार के अनुसार, उद्घाटन से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और सुरक्षा व संचालन व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया गया है। इसके साथ ही यह एक्सप्रेस-वे प्रदेश के विकास में एक नई रफ्तार जोड़ने के लिए तैयार है।


