– चालक ने कूदकर बचाई जान
कानपुर देहात। कानपुर-झांसी हाईवे पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब तेज रफ्तार चल रही एक डीसीएम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते वाहन आग का गोला बन गया और हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना भोगनीपुर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक चालक ने समय रहते स्थिति भांप ली और चलती गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी डीसीएम को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और ट्रैफिक को सुचारु कराया।
प्रारंभिक आशंका है कि आग शॉर्ट सर्किट या इंजन में तकनीकी खराबी के कारण लगी हो सकती है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
चलती डीसीएम बनी आग का गोला: हाईवे पर मची अफरा-तफरी


