41 C
Lucknow
Friday, April 24, 2026

सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में पृथ्वी दिवस पर रचनात्मक प्रतियोगिता, छात्रों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

Must read

हरित संदेशों से सजे पोस्टर, पृथ्वी बचाने का लिया संकल्प

यूथ इंडिया

फर्रुखाबाद। श्याम नगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर छात्र-छात्राओं के बीच पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें पृथ्वी के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराना रहा।

प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 10 तक के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी रचनात्मकता का परिचय दिया। रंग-बिरंगे पोस्टरों के माध्यम से छात्रों ने पृथ्वी की वर्तमान स्थिति, बढ़ते प्रदूषण, प्लास्टिक के दुष्प्रभाव और ग्लोबल वार्मिंग जैसी गंभीर समस्याओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर प्रतियोगिता की मुख्य थीम “हमारी पृथ्वी, हमारा भविष्य” और “प्लास्टिक मुक्त भारत” रखी गई थी। विद्यार्थियों ने वृक्षारोपण, जल संरक्षण और स्वच्छ पर्यावरण के संदेशों को आकर्षक चित्रों और नारों के जरिए दर्शाया, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पृथ्वी केवल एक ग्रह नहीं, बल्कि हमारा घर है, जिसकी सुरक्षा करना प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए। साथ ही उन्होंने सभी विद्यार्थियों से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के संयोजक वीरेन्द्र सिंह के निर्देशन में प्रतियोगिता का सफल आयोजन हुआ। निर्णायक मंडल में धर्मेन्द्र कुमार द्विवेदी, नीलम सिंह एवं गीता यादव ने प्रतिभागियों के कार्यों का मूल्यांकन किया।

अंत में विद्यालय परिवार के समस्त आचार्य एवं शिक्षिकाओं की उपस्थिति में कार्यक्रम का समापन हुआ। प्रतियोगिता ने न केवल छात्रों की प्रतिभा को मंच प्रदान किया, बल्कि पर्यावरण के प्रति उनकी संवेदनशीलता को भी मजबूत किया।

यह जानकारी मीडिया प्रभारी रामानुज अग्निहोत्री ने दी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article