34 C
Lucknow
Thursday, September 17, 2026

गणेश महोत्सव में सजीं भव्य झांकियां, दुर्गा और नरसिंह के स्वरूप ने मोहा श्रद्धालुओं का मन

Must read

 

फर्रुखाबाद। जिलेभर में चल रहे गणेश महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है। शहर से लेकर कस्बों तक जगह-जगह गणेश प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं और शाम होते ही पंडाल रोशनी से जगमगा उठते हैं। बुधवार रात विभिन्न गणेश पंडालों में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। कमालगंज में आयोजित 17वें गणेश महोत्सव में भगवान विष्णु के 12 अवतार, नरसिंह भगवान और मां दुर्गा की सजीव झांकियां आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं।

बुधवार शाम वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान गणेश का विधि-विधान से पूजन कराया गया। इसके बाद महाआरती हुई। आरती के उपरांत झांकियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू हुआ। पंडाल में मौजूद श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों और धार्मिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया। नरसिंह भगवान के उग्र स्वरूप और मां दुर्गा की भव्य झांकी को देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए। पूरे पंडाल में लगातार जयकारे गूंजते रहे।

कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुत की गई विभिन्न झांकियों ने धार्मिक वातावरण को और आकर्षक बना दिया। भगवान विष्णु के 12 अवतारों की झांकी के माध्यम से श्रद्धालुओं को धार्मिक प्रसंगों से रूबरू कराया गया। नरसिंह भगवान की झांकी के दौरान श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाए। मां दुर्गा के स्वरूप के दर्शन के लिए भी देर रात तक लोगों की भीड़ जुटी रही।

सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान ‘मैं परदेशी हूं, पहली बार आया हूं’ गीत की प्रस्तुति ने माहौल को भावुक कर दिया। गीत सुनकर कई माताएं और बहनें भावुक हो गईं। देर रात तक श्रद्धालु पंडाल में डटे रहे। मंच का संचालन सतीश चंद्र और अनुभव गुप्ता ने किया। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

उधर, कायमगंज में भी गणेश महोत्सव के दौरान धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। बुधवार रात गणेश पंडाल में ‘हनुमान अंश’ फिल्म दिखाई गई। फिल्म में फर्रुखाबाद के एक व्यक्ति ने भी भूमिका निभाई है। फिल्म देखने के लिए श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी रही। इससे पहले जिले के विभिन्न पंडालों में पूजन, आरती और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

आयोजन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी समिति की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं। पूरे पंडाल की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जा रही है। आयोजन की व्यवस्थाओं में गणेश सेवा समिति के अध्यक्ष अमित गुप्ता के साथ गोपाल विश्नोई, नित्य प्रकाश वर्मा, आकाश गुप्ता, सचिन गुप्ता, अभय गुप्ता, रुद्र गुप्ता, सौरभ चौरसिया, मनोज गुप्ता और अशोक श्रीवास्तव समेत समिति के पदाधिकारी व सेवादार जुटे रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article