27 C
Lucknow
Wednesday, April 15, 2026

निर्माणाधीन पानी की टंकी में मिला कंकाल, डीएनए जांच के लिए मथुरा भेजा गया सैंपल

Must read

 

औरैया

अयाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब निर्माणाधीन पानी की टंकी के अंदर एक कंकाल मिलने की सूचना सामने आई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया और मौके पर भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार महारतपुर गांव निवासी जितेंद्र, जो जल निगम द्वारा बनाई जा रही पानी की टंकी पर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत है, सोमवार शाम को नियमित रूप से पानी की आपूर्ति चालू करने के लिए टंकी पर गया था। इस दौरान वॉल्व में तकनीकी समस्या आने पर वह टंकी के ऊपर चढ़कर जांच करने लगा। तभी उसकी नजर टंकी के अंदर पड़े एक कंकाल पर पड़ी, जिसे देखकर वह घबरा गया। उसने तुरंत इसकी सूचना गांव के लोगों और पुलिस को दी।
घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और तरह-तरह की आशंकाएं जताने लगे। कुछ ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यह किसी व्यक्ति का शव हो सकता है, जिसकी टंकी में डूबकर मौत हो गई हो और समय के साथ शव सड़कर कंकाल में बदल गया हो।
मामले की सूचना पर पहुंचे थाना अयाना के प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश पाल ने मौके का निरीक्षण किया और कंकाल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कराई। प्रारंभिक जांच में कंकाल के बालों की बनावट के आधार पर यह बंदर का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, किसी भी प्रकार की पुष्टि से पहले पुलिस ने वैज्ञानिक तरीके से जांच कराने का निर्णय लिया है।
पुलिस द्वारा कंकाल के बालों का सैंपल एकत्र कर डीएनए जांच के लिए मथुरा स्थित फॉरेंसिक लैब भेज दिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि कंकाल इंसान का है या किसी जानवर का। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोग जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं, जिससे पूरे मामले का खुलासा हो सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article