28 C
Lucknow
Sunday, April 12, 2026

सरकारी जमीन पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई, मस्जिद हटाने को लेकर विवाद

Must read

 

संभल
असमोली थाना क्षेत्र के मुबारकपुर बंद गांव में सरकारी भूमि पर बने अवैध निर्माणों को हटाने को लेकर प्रशासन और स्थानीय समुदाय के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। राजस्व विभाग ने कार्रवाई करते हुए करीब 700 वर्गमीटर भूमि पर बने मदरसे और पांच दुकानों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया।

जानकारी के अनुसार, यह भूमि खेल के मैदान और खाद के गड्ढे के रूप में दर्ज थी, जिस पर अवैध रूप से गौसुल मदरसा, एक मस्जिद और कई दुकानें बनाई गई थीं। प्रशासन ने पैमाइश के बाद अतिक्रमण चिन्हित करते हुए कार्रवाई शुरू की।

28 मार्च को भूमि की पैमाइश के बाद स्थानीय लोगों ने स्वयं ही 31 मार्च से कुछ निर्माणों को हटाना शुरू कर दिया था। इसके बाद प्रशासन की मौजूदगी में बुलडोजर की मदद से मदरसा और पांच दुकानों को दो घंटे में ध्वस्त कर दिया गया।

हालांकि, इसके बाद मस्जिद को हटाने के मुद्दे पर विरोध शुरू हो गया। मुस्लिम समुदाय का कहना है कि मस्जिद को तभी हटाया जाएगा जब ग्राम समाज की अन्य अतिक्रमित संपत्तियों पर भी समान कार्रवाई की जाएगी। इसी मसले को लेकर गांव में तनाव और असंतोष का माहौल बना हुआ है।

राजस्व रिकॉर्ड के अनुसार, गाटा संख्या 630 के 0.126 एयर (लगभग 150 वर्गमीटर) हिस्से और गाटा संख्या 623 के 540 वर्गमीटर क्षेत्र पर अवैध निर्माण पाया गया था। इन क्षेत्रों में मदरसा, मस्जिद, दुकानें और अन्य ढांचे शामिल थे।

प्रशासन के अनुसार, इस कार्रवाई का उद्देश्य सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराना है। डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया के आदेश पर राजस्व टीम ने सीमांकन कर अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की थी।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, जबकि स्थानीय स्तर पर बातचीत और समाधान की कोशिशें जारी हैं ताकि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनी रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article