फर्रुखाबाद। जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सघन प्रवर्तन अभियान लगातार जारी है। आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेशों और जिलाधिकारी डॉ० अंकुर लाठर के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की गई। जिला आबकारी अधिकारी जी० पी० गुप्ता के पर्यवेक्षण में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 कुमार गौरव सिंह ने अपनी टीम के साथ थाना क्षेत्र के ग्राम लकूला में संदिग्ध स्थानों पर दबिश देकर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान अवैध शराब निर्माण से जुड़े अड्डों की गहन तलाशी ली गई, जहां मौके पर लगभग 80 किलोग्राम लहन को नष्ट किया गया। साथ ही 18 लीटर अवैध कच्ची शराब भी बरामद की गई। इस संबंध में संबंधित आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में संचालित कबाड़ी की दुकानों पर भी सघन चेकिंग अभियान चलाया गया, जिससे अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके। इसके अलावा आबकारी टीम ने बाग लकूला कम्पोजिट, बाग लकूला देशी, आवास विकास मॉडल शॉप तथा आवास विकास देशी शराब दुकानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्टॉक रजिस्टर, पीओएस मशीन से बिक्री, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता का बारीकी से परीक्षण किया गया। साथ ही देशी मदिरा दुकानों की कैंटीन व्यवस्था की भी जांच की गई।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। अधिकारियों ने आमजन से भी अपील की है कि अवैध शराब से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।


