एटा-कानपुर में नकल की कोशिश नाकाम
लखनऊ। होमगार्ड भर्ती परीक्षा के पहले दिन शनिवार को प्रदेशभर में कड़ी सुरक्षा और निगरानी के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अनुसार, 74 जिलों में बनाए गए 1053 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित परीक्षा में कुल 75.33 प्रतिशत अभ्यर्थी शामिल हुए।
बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, दोनों पालियों के लिए 8,44,066 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, जिनमें से 6,35,856 परीक्षार्थी परीक्षा देने पहुंचे। यह भर्ती परीक्षा तीन दिनों तक आयोजित की जा रही है और शेष परीक्षाएं रविवार व सोमवार को भी होंगी।
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए प्रशासन ने सख्त इंतजाम किए थे। केंद्रों पर अभ्यर्थियों की गहन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया, वहीं पुलिस बल के साथ स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) भी लगातार निगरानी में जुटी रही।
इसी दौरान एटा और कानपुर में नकल की कोशिशों को समय रहते नाकाम कर दिया गया। एटा के डीएवी इंटर कॉलेज केंद्र पर बायोमेट्रिक जांच के दौरान एक अभ्यर्थी तेजवीर सिंह का प्रवेश पत्र फर्जी पाया गया। जांच में सामने आया कि यह कूटरचित प्रवेश पत्र लोकवाणी केंद्र संचालक अभिषेक उर्फ गोलू द्वारा तैयार किया गया था। पुलिस ने दोनों के खिलाफ उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वहीं कानपुर के बीएनएसडी इंटर कॉलेज, चुन्नीगंज में एनसीसी कक्ष में प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण छिपाकर नकल कराने की साजिश का खुलासा हुआ। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सहायक अध्यापक अखिलेश यादव सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
प्रशासन का कहना है कि आगामी पालियों में भी इसी तरह सख्ती बरती जाएगी और किसी भी तरह की अनियमितता पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


