मोहम्मदाबाद। इटावा-बरेली हाईवे पर खाटू श्याम मंदिर के पास सरिया फैक्ट्री के मुनीम और चालक द्वारा लाखों रुपये की फर्जी लूट की सूचना दिए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस की करीब पांच घंटे की पूछताछ के बाद दोनों ने लूट की घटना का षड्यंत्र रचने की बात स्वीकार कर ली।
जानकारी के अनुसार शिकोहाबाद स्थित सरिया फैक्ट्री के व्यापारी नवीन अग्रवाल के यहां मुनीम संदीप गौतम निवासी वृंदावन, मथुरा तथा चालक शिव कुमार निवासी जनपद मैनपुरी रुपये की वसूली के लिए फर्रुखाबाद आए थे। वसूली के बाद दोनों वापस लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि इटावा-बरेली हाईवे पर खाटू श्याम मंदिर के पास गाड़ी का हॉर्न खराब होने के कारण उन्होंने वाहन रोक दिया। इसी दौरान पीछे से आए बाइक सवार अज्ञात बदमाश ने तमंचा दिखाकर लाखों रुपये से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गया।
दोनों ने घटना करीब ढाई बजे की बताई, जबकि पुलिस को इसकी सूचना लगभग शाम चार बजे दी गई। पीआरबी की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा और एसओजी टीम ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू की।
पुलिस ने मुनीम और चालक से करीब पांच घंटे तक पूछताछ की, जिसके बाद दोनों टूट गए और फर्जी लूट की साजिश का खुलासा किया। क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा ने बताया कि मुनीम और चालक ने मिलकर लूट की घटना का षड्यंत्र रचा था। दोनों से पूछताछ की जा रही है।
अन्य तीन आरोपी साजिश करता कि तलाश जारी। पुलिस सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे है।
सरिया व्यापारी के मुनीम और चालक ने रची फर्जी लूट की साजिश, पूछताछ में खुला राज


