रेड क्रॉस एवं आईएमए के संयुक्त तत्वावधान में बलीपट्टी गांव में लगा द्वितीय चिकित्सा शिविर
फर्रुखाबाद। इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, फर्रुखाबाद एवं आईएमए फर्रुखाबाद के संयुक्त तत्वावधान में बलीपट्टी गांव में द्वितीय बाढ़ राहत मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में बाढ़ प्रभावित पांच गांवों से पहुंचे 512 मरीजों का चिकित्सकीय परीक्षण किया गया। मरीजों को आवश्यकता के अनुसार निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।
कैंप में आईएमए अध्यक्ष डॉ. कविता शर्मा ने स्वयं मरीजों का परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के बारे में भी जानकारी दी गई।
शिविर में रेड क्रॉस सोसाइटी के सभापति शीश मेहरोत्रा, सचिव आकाश चतुर्वेदी, कौशल्या गिरी एवं दीपक अग्निहोत्री सहित रेड क्रॉस सोसाइटी के पदाधिकारी और स्वयंसेवक मौजूद रहे। सभी ने राहत एवं चिकित्सा सेवाओं में सहयोग प्रदान किया।
मेडिकल कैंप में आसनपुर, रतनपुर रसीदा, मड़ैमा तौनिक, बलीपट्टी रानीगांव एवं नगला दुआं से आए बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों ने चिकित्सकीय सेवाओं का लाभ उठाया।
ग्रामीणों ने रेड क्रॉस सोसाइटी एवं आईएमए फर्रुखाबाद की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में की जा रही राहत एवं चिकित्सा सेवा की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।


