शमशाबाद, फर्रुखाबाद। मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले के तहत रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फैज बाग और पसियापुर में स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। दोनों स्वास्थ्य केंद्रों पर कुल 106 मरीजों ने पंजीकरण कराकर चिकित्सकीय परामर्श लिया। मरीजों की विभिन्न स्वास्थ्य जांचें करने के साथ उन्हें आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फैज बाग में स्वास्थ्य मेले का आयोजन फार्मासिस्ट वीरेंद्र राजपूत के नेतृत्व में किया गया। यहां खांसी, जुकाम, बुखार सहित विभिन्न बीमारियों से पीड़ित 60 मरीजों ने पंजीकरण कराया। जांच और चिकित्सकीय परामर्श के बाद मरीजों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
एलटी अलका ने 11 मरीजों की शुगर जांच की। एएनएम रूबी ने महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देने के साथ परिवार नियोजन के प्रति जागरूक किया। वार्ड ब्वॉय राजेश कुमार ने स्वास्थ्य मेले की व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
पीएचसी पसियापुर में फार्मासिस्ट शैलेंद्र कुमार की उपस्थिति में स्वास्थ्य मेला आयोजित किया गया। यहां 46 मरीजों ने पंजीकरण कराया और चिकित्सकीय परामर्श के बाद उन्हें दवाएं वितरित की गईं।
एलटी नेहा महरूष ने मरीजों की विभिन्न जांचें कीं। इनमें आठ मरीजों की शुगर, पांच की बीपी, चार की मलेरिया और चार मरीजों की टाइफाइड जांच की गई। इसके अलावा डेंगू समेत अन्य बीमारियों की भी जांच की गई। एएनएम रंजना ने महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
स्वास्थ्य मेले के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को उनके नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच, परामर्श और आवश्यक दवाओं की सुविधा उपलब्ध कराई गई। अधिकारियों का उद्देश्य ग्रामीणों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना और विभिन्न बीमारियों के प्रति जागरूक करना है।
मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले में 106 मरीजों का परीक्षण, मिलीं जरूरी दवाएं


