लखनऊ। गोमती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से मलिहाबाद तहसील क्षेत्र के करीब एक दर्जन गांवों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। बसहरी, बहरौरा, अटरिया और निकरोजपुर समेत कई गांवों में बाढ़ का पानी घरों के अंदर तक पहुंच गया है। जलभराव के कारण ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित है।
पानी भरने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बच्चों को स्कूल आने-जाने में भी दिक्कतें हो रही हैं। कई स्थानों पर ग्रामीणों को रोजमर्रा के काम के लिए भी जलभराव से होकर गुजरना पड़ रहा है।
हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रशासनिक अधिकारी और संबंधित विभागों की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में फील्ड पर तैनात हैं। अधिकारियों द्वारा बाढ़ प्रभावित गांवों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया जा रहा है।
प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है और जरूरत के अनुसार सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जलस्तर और प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है तथा ग्रामीणों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।


