फर्रुखाबाद। हथियापुर-नवाबगंज मार्ग पर शनिवार रात शाम तेज रफ्तार ऑटो ने बाइक सवार दो मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक युवक सड़क पर दूर जा गिरा, जबकि दूसरा ऑटो में फंस गया और उसका पैर बुरी तरह कुचल गया। गंभीर हालत में उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।
हरदोई जनपद के सवायजपुर थाना क्षेत्र निवासी 27 वर्षीय आदर्श अपने साथी 25 वर्षीय सचिन के साथ नवाबगंज थाना क्षेत्र में संचालित एक पैथोलॉजी पर सामान देने गए थे। दोनों मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के रूप में काम करते हैं। शनिवार देर शाम काम पूरा करने के बाद दोनों बाइक से फर्रुखाबाद लौट रहे थे।
बताया गया कि जैसे ही वह हथियापुर-नवाबगंज मार्ग पर पहुंचे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ऑटो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही सचिन उछलकर सड़क पर जा गिरा और उसके पैर में गंभीर चोट आई। वहीं आदर्श ऑटो में उलझ गया। हादसे के दौरान उसका पैर ऑटो के पहिए की चपेट में आकर बुरी तरह कुचल गया। गंभीर चोट लगने के कारण आदर्श मौके पर ही बेहोश हो गया।
हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने दोनों का उपचार शुरू किया। आदर्श की हालत गंभीर होने पर चिकित्सक डॉ. अभिषेक चतुर्वेदी ने उसे बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
वहीं सचिन का लोहिया अस्पताल में उपचार जारी है। उसके पैर में गंभीर चोट होने के कारण चिकित्सकों ने सात टांके लगाए हैं। हादसे की जानकारी मिलने के बाद घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। दुर्घटना के बाद परिवार में चिंता का माहौल है।


