कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र स्थित रतनपुर रामगंगा एंक्लेव में 26 वर्षीय दीपिका सैनी की हत्या के मामले में उसके पति सौरभ दुबे उर्फ शोएब पर गंभीर आरोप सामने आए हैं। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि सौरभ पहले भी तीन शादियां कर चुका था और नशेबाजी व घरेलू हिंसा के चलते उसकी पिछली पत्नियां उसे छोड़कर चली गई थीं। दीपिका उसकी चौथी पत्नी थी।
मंगलवार को तीन डॉक्टरों के पैनल से हुई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दीपिका की गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट में उसके शरीर पर आठ से दस चोटों के निशान भी मिले हैं, जबकि बिसरा सुरक्षित रख लिया गया है। दीपिका की मां चित्रा सैनी और बुआ पुष्पा ने आरोप लगाया कि हत्या के बाद सौरभ अपना और दीपिका का मोबाइल तोड़कर फरार हो गया।
परिजनों ने बताया कि सौरभ सोशल मीडिया के जरिए दीपिका के संपर्क में आया था। अक्तूबर 2025 में फेसबुक और इंस्टाग्राम पर बातचीत के बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और बाद में उन्होंने शादी कर ली। दीपिका की इससे पहले शादी हरदोई निवासी खालिद खान से हुई थी, जिनकी मुंबई में हादसे में मौत हो गई थी। इसके बाद वह अपने दो बच्चों के पालन-पोषण के लिए फैक्टरी में काम करने लगी थी।
मां का आरोप है कि सौरभ नशे में दीपिका के साथ बेरहमी से मारपीट करता था और दहेज के लिए प्रताड़ित करता था। घटना वाले दिन सौरभ ने फोन कर कहा कि दीपिका सांस नहीं ले रही है। जब परिजन फ्लैट पहुंचे तो सौरभ बाहर बैठा मिला और फिर मौके से भाग गया।
दीपिका का छोटा बेटा रुद्र (3) मां की मौत से अनजान है। वह पोस्टमॉर्टम हाउस में मोबाइल पर वीडियो देखता रहा और नानी-नाना से उनके रोने का कारण पूछता रहा, जिसे देखकर परिजन भावुक हो गए। वहीं बड़ा बेटा अनिरुद्ध पहले से ननिहाल में रह रहा था।
पनकी इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि सौरभ की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी के अनुसार, मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


