मुजफ्फरपुर: दुबई (Dubai) में टेलर मास्टर (Master Tailor) का काम करने वाले 30 वर्षीय मोहम्मद सद्दाम का शव एक नहर के किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया है। मृतक की पहचान मुसहरी थाना क्षेत्र के चक लहलहाद गांव के रहने वाले मोहम्मद इस्लाम के बेटे मोहम्मद सद्दाम के रूप में हुई है। वह कुछ दिन पहले ही बकरीद के अवसर पर विदेश से अपने घर लौटे थे।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, मोहम्मद सद्दाम ने करीब नौ वर्ष पहले पारू थाना क्षेत्र के मझौलिया गांव की एक युवती के साथ प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से ही वह अधिकांश समय अपने ससुराल में ही निवास करते थे और कभी-कभार ही अपने पैतृक गांव जाते थे। इस बार भी दुबई से लौटने के बाद वह सीधे अपने ससुराल ही पहुंचे थे और वहीं रह रहे थे।
मृतक के बड़े भाई मोहम्मद मोनाजिर ने इस घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि सद्दाम की मौत किसी सड़क दुर्घटना में नहीं हुई है, बल्कि यह एक सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या है। भाई के अनुसार, शव के गले और सिर पर धारदार हथियार के गहरे निशान साफ दिखाई दे रहे हैं। परिजनों का आरोप है कि अपराधियों ने पहले बेरहमी से हत्या की और फिर शव को सड़क किनारे फेंककर इसे हादसे का रूप देने का प्रयास किया है।
सूचना मिलते ही पारू थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से शव को नहर किनारे से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया। पारू थानाध्यक्ष का कहना है कि प्रारंभिक तौर पर मामला सड़क हादसे का प्रतीत हो रहा है, लेकिन शरीर पर मिले निशानों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। पुलिस हत्या और दुर्घटना, दोनों ही एंगल से गहराई से जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के सामने आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।


