मोहम्मदाबाद। कस्बे के नगला किसानन (अवंती बाई नगर) में जिला उद्योग एवं उद्यमिता विकास केंद्र की ओर से आयोजित मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान कार्यक्रम में भाजपा सांसद मुकेश राजपूत पहुंचे। उन्होंने बेरोजगार युवाओं और महिलाओं को संबोधित करते हुए सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर स्वरोजगार स्थापित करने का आह्वान किया।
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री का उद्देश्य युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला उद्यमी बनाना है। युवा अपने हुनर को निखारें और छोटे स्तर से कारोबार शुरू कर उसे धीरे-धीरे बड़ा बनाएं। उन्होंने कहा कि टाटा, बिरला और अंबानी जैसे बड़े उद्योगपति भी छोटे स्तर से शुरुआत कर शिखर तक पहुंचे हैं।
जिला उद्योग केंद्र की डिप्टी कमिश्नर सोनाली जिंदल ने बताया कि 18 से 40 वर्ष की आयु के युवा ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। महिलाओं के लिए भी योजना में आवेदन की सुविधा है। योजना के तहत पांच लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। ऋण पर चार वर्ष तक ब्याज नहीं लगेगा और सरकार की ओर से 10 प्रतिशत सब्सिडी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि बैंक से ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया में विभाग की ओर से पूरा सहयोग किया जाएगा।
बैंक ऑफ इंडिया की प्रबंधक दीपिका सिंह ने युवाओं को ऋण और वित्तीय प्रक्रिया से संबंधित जानकारी दी। कार्यक्रम में भाजपा जिला मंत्री मोहन सिंह, क्षेत्रीय युवा मोर्चा के अनुज राठौर, मंडल उपाध्यक्ष शैलेश मिश्रा, प्रतीक गुप्ता, राम प्रकाश राठौर, अमन बाथम, राजेश बाथम, सभासद दिलीप चतुर्वेदी, रामदत्त गौतम, अमोद सिंह, प्रेमपाल समेत अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।


