फर्रुखाबाद। जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग का विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार जारी है। आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेश तथा जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता के नेतृत्व में विभागीय टीम द्वारा संदिग्ध क्षेत्रों में लगातार दबिश और दुकानों का निरीक्षण किया जा रहा है।
इसी क्रम में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 सुधांशु चौधरी ने आबकारी स्टाफ के साथ कायमगंज क्षेत्र के संदिग्ध ग्राम ममापुर में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान टीम ने 13 लीटर अवैध कच्ची शराब तथा 220 किलोग्राम लहन बरामद किया। टीम ने बरामद लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया। मामले में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत तीन अभियोग पंजीकृत किए गए हैं।
अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही आबकारी टीम ने क्षेत्र की लाइसेंसी शराब दुकानों का भी निरीक्षण किया। टीम द्वारा देशी शराब दुकान धमगवां, बरझाला, फैजबाग तथा कंपोजिट शॉप बरझाला और फैजबाग की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान दुकानों के स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था, पीओएस मशीन से होने वाली बिक्री तथा सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता का परीक्षण किया गया। इसके अलावा देशी शराब की दुकानों से संबंधित कैंटीन की भी सघन जांच की गई। दुकानों पर उपलब्ध मदिरा का भौतिक मिलान संबंधित अभिलेखों से किया गया।
आबकारी विभाग ने संबंधित अनुज्ञापियों को निर्देशित किया कि सभी आवश्यक अभिलेखों को अद्यतन रखा जाए और शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जांच के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
विभागीय टीम ने क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी बनाए रखने तथा अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं। आबकारी विभाग के अधिकारियों के अनुसार जनपद में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए यह विशेष प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
अवैध कच्ची शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 13 लीटर शराब और 220 किलो लहन बरामद


