26.6 C
Lucknow
Thursday, October 15, 2026

त्योहारों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति को लेकर योगी सरकार ने कसी कमर, सुरक्षा और मेंटेनेंस पर विशेष जोर

Must read

 

*दशहरा-दीपावली पर गांव से लेकर महानगर तक रोशन रहेंगे घर और बाजार, यूपीपीसीएल ने तेज की तैयारियां*

*रामलीला स्थलों, दशहरा मेलों और शोभायात्रा मार्गों पर खंभे होंगे दुरुस्त*

*रात में भी विद्युत आपूर्ति की निगरानी, तकनीकी खामियों को समय से दूर करने के निर्देश*

*बिजली सुरक्षा के लिए उपभोक्ताओं से अपील, गुणवत्तापूर्ण लाइट्स के इस्तेमाल और ओवरलोडिंग से बचने पर जोर*

*लखनऊ, 15 अक्टूबर।* मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार आगामी दशहरा, दीपावली सहित अन्य त्योहारों पर प्रदेशवासियों को निर्बाध, सुरक्षित और सुचारु विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए तैयारियों में जुट गई है। त्योहारों के दौरान घरों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ विद्युत दुर्घटनाओं की रोकथाम पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) ने बिजली व्यवस्था को दुरुस्त रखने, उपकरणों के अनुरक्षण और आपूर्ति की निरंतर निगरानी के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं।

योगी सरकार की मंशा है कि प्रदेशवासी त्योहारों का उल्लास के साथ मना सकें। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी जनपदों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। बिजली विभाग के अधिकारी दिन के साथ-साथ रात में भी विद्युत आपूर्ति की निगरानी करें, ताकि किसी क्षेत्र में अनावश्यक व्यवधान होने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। गांवों से लेकर महानगरों तक निर्धारित शेड्यूल के अनुरूप विद्युत आपूर्ति बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

*रामलीला स्थलों और शोभायात्रा मार्गों पर विशेष अभियान*

त्योहारों के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बिजली विभाग प्रदेशभर में विशेष अभियान चला रहा है। इसके तहत रामलीला स्थलों, दशहरा मेलों, शोभायात्राओं और विसर्जन यात्राओं के मार्गों के आसपास ढीले अथवा झूलते बिजली तारों और झुके हुए विद्युत पोलों को चिन्हित कर समय से दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही ट्रांसफार्मरों की सुरक्षित घेराबंदी और विद्युत उपकरणों को निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप रखने पर जोर दिया जा रहा है, जिससे भीड़भाड़ वाले इलाकों में दुर्घटनाओं की आशंका कम की जा सके।

*सेवा संकल्प अभियान 2026 से मजबूत हो रहा बिजली नेटवर्क*

प्रदेश में विद्युत व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और विश्वसनीय बनाने के लिए सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत अनुरक्षण माह में व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। यूपीपीसीएल की टीमें फील्ड में बिजली उपकरणों, ट्रांसफार्मरों और विद्युत नेटवर्क की आवश्यक देखरेख में जुटी हैं। विभिन्न जनपदों में बिजलीकर्मी रात्रिकालीन ड्यूटी के दौरान भी तत्परता से अनुरक्षण कार्य कर रहे हैं, ताकि त्योहारों के दौरान बिजली आपूर्ति में व्यवधान की आशंका को कम किया जा सके।

इस अभियान के तहत विद्युत व्यवस्था की नियमित जांच, संभावित तकनीकी खामियों की पहचान और जरूरी सुधार कार्यों पर ध्यान दिया जा रहा है। विभागीय टीमों को निर्देशित किया गया है कि त्योहारों से पहले आवश्यक अनुरक्षण कार्य पूरे कर लिए जाएं और आपूर्ति से संबंधित समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।

*बिजली सुरक्षा के लिए उपभोक्ताओं से भी सहयोग की अपील*

प्रदेशवासियों से त्योहारों के दौरान सजावट करते समय बिजली सुरक्षा के नियमों का पालन करने की अपील की गई है। विभाग के अनुसार घरों और बाजारों को रोशन करने के लिए अच्छी गुणवत्ता वाली लाइट्स और तारों का इस्तेमाल किया जाए। एक ही कनेक्शन पर जरूरत से अधिक विद्युत भार डालने से बचें और खराब कनेक्शन अथवा क्षतिग्रस्त तारों को नजरअंदाज न करें। बिजली से संबंधित मरम्मत का कार्य हमेशा प्रशिक्षित इलेक्ट्रिशियन से ही कराया जाए।

*त्योहारों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना प्राथमिकता- एमडी, यूपीपीसीएल*

यूपीपीसीएल के प्रबंध निदेशक नीतीश कुमार ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रदेशवासियों को दशहरा, दीपावली सहित सभी त्योहारों पर निर्बाध, सुरक्षित और सुचारु विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों को समय से आवश्यक तैयारियां पूरी करने तथा दिन-रात विद्युत आपूर्ति की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि त्योहारों के दौरान उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article