लखनऊ| प्रदेश भर में चाइनीज मांझे से हो रहे जानलेवा हादसों को गंभीरता से लेते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बेहद सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने चाइनीज मांझे के निर्माण, बिक्री, भंडारण और उपयोग पर प्रदेश में पूर्ण प्रतिबंध लागू करने का निर्देश देते हुए साफ कहा है कि इस खतरनाक मांझे से होने वाली किसी भी मौत को अब साधारण हादसा नहीं, बल्कि हत्या माना जाएगा। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा और पूरे अभियान की समीक्षा उच्चतम स्तर पर की जाएगी।
बुधवार शाम लखनऊ के हैदरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बुलाकी अड्डा स्थित हैदरगंज पुल के पास दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। बाइक से जा रहे 33 वर्षीय मोहम्मद शोएब की अचानक गर्दन में चाइनीज मांझा फंस गया। शोएब कुछ समझ पाते, इससे पहले ही धारदार मांझे ने उनकी गर्दन की नसें काट दीं। गंभीर रूप से घायल शोएब किसी तरह बाइक रोककर सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस दर्दनाक घटना का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि चाइनीज मांझे के खिलाफ पूरे प्रदेश में विशेष अभियान चलाया जाए। अवैध रूप से इसकी बिक्री करने वालों पर सख्त कार्रवाई करते हुए पुलिस और प्रशासन को तत्काल छापेमारी के आदेश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुनाफे के लालच में आमजन की जान से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि चाइनीज मांझे की आपूर्ति श्रृंखला को पूरी तरह ध्वस्त किया जाए और दोषियों को चिह्नित कर कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री के इस फैसले के बाद पुलिस विभाग हरकत में आ गया है और प्रदेश भर में दुकानों, गोदामों और संदिग्ध ठिकानों पर सघन जांच शुरू कर दी गई है। सरकार का साफ संदेश है कि चाइनीज मांझा सिर्फ गैरकानूनी ही नहीं, बल्कि जानलेवा हथियार है और इससे जुड़ा कोई भी अपराध अब सीधे हत्या की श्रेणी में आएगा। प्रशासन का मानना है कि सख्त कार्रवाई और लगातार निगरानी से ऐसे हादसों पर प्रभावी रोक लगाई जा सकेगी और आम नागरिकों की जान की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here