लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को लोकभवन में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग और उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान 202 प्रोफेसर, रीडर, चिकित्सा अधिकारी, स्टाफ नर्स (आयुष विभाग), 272 अनुदेशक (व्यावसायिक शिक्षा विभाग) तथा 7 नर्स, हॉस्टल वार्डन और कंपाउंडर (दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग) को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में नौकरी पाने के लिए किसी सिफारिश या अनैतिक दबाव की जरूरत नहीं पड़ती। उन्होंने कहा कि सरकार की साफ नीयत और पारदर्शी नीति के कारण भर्ती प्रक्रियाएं निष्पक्ष रूप से पूरी हो रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले प्रदेश में जाति, धर्म और सिफारिश के आधार पर भर्तियां होती थीं, जिससे प्रतिभाशाली युवा निराश होकर पलायन करने को मजबूर हो जाते थे, लेकिन अब प्रदेश की तस्वीर बदल चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने रोजगार और विकास के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने बताया कि बीते 15 दिनों में यह चौथा नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम है। हाल ही में 60 हजार पुलिस आरक्षियों की पासिंग आउट परेड भी आयोजित की गई थी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं बल्कि देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन चुका है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले प्रदेश में गुंडा राज और भ्रष्टाचार का माहौल था, जिससे निवेशक आने से कतराते थे। अब उत्तर प्रदेश में बड़े निवेश हो रहे हैं और उद्योगों की संख्या तेजी से बढ़ी है। उन्होंने कहा कि सरकार ने तकनीक के बेहतर उपयोग और आयोगों की जवाबदेही तय कर भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया है।
मुख्यमंत्री ने नव नियुक्त कर्मचारियों से ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि योग्य और प्रतिभाशाली युवाओं के जुड़ने से सरकार की गति और प्रगति दोनों बढ़ेंगी। उन्होंने आयुष विभाग को हेल्थ टूरिज्म से जोड़ते हुए कहा कि आयुष के माध्यम से प्रदेश में नई संभावनाएं विकसित की जा सकती हैं। किसानों को औषधीय पौधों की खेती और पंचकर्म जैसी व्यवस्थाओं को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से नौ लाख से अधिक युवाओं को बिना भ्रष्टाचार के नौकरी दी है। उन्होंने बताया कि पिछले नौ वर्षों में विभाग द्वारा 14 लाख युवाओं को प्रशिक्षण और 7.5 लाख युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया गया है।
मंत्री अग्रवाल ने कहा कि सरकार युवाओं को आधुनिक तकनीक और उद्योगों की मांग के अनुसार प्रशिक्षित कर रही है। आईटीआई संस्थानों में सोलर, एविएशन, इलेक्ट्रिक व्हीकल और 3डी प्रिंटिंग जैसे नए ट्रेड शुरू किए गए हैं, जिससे युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।
अब यूपी में बिना सिफारिश और रिश्वत के मिल रही नौकरियां : सीएम योगी


