घरेलू विवाद और पारिवारिक कलह बनी आत्मघाती कदम की वजह, डॉक्टर बोले– सभी का इलाज जारी
फर्रुखाबाद। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से गुरुवार को जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास करने के पांच मामले सामने आए। इनमें तीन महिलाएं और दो युवक शामिल हैं। परिजनों की तत्परता से सभी को गंभीर हालत में डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। एक ही दिन में आत्महत्या के प्रयास के इतने मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ आम लोगों में भी चिंता का माहौल है।
जानकारी के अनुसार थाना राजेपुर क्षेत्र के गांव तुर्करा निवासी देवकी पत्नी कृष्णपाल, थाना कादरीगेट क्षेत्र के लकूला निवासी सोनिया पत्नी राजन, तथा थाना नवाबगंज क्षेत्र की रहने वाली रेनू पत्नी सुनील ने अज्ञात जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। वहीं कोतवाली मोहम्मदाबाद क्षेत्र के गांव कमालपुर निवासी विवेक पुत्र शिवरतन तथा थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के गांव ढिलावल निवासी अयूब पुत्र राहुप ने भी विषाक्त पदार्थ खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया।
परिजनों को जब घटना की जानकारी हुई तो सभी को तत्काल डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल की आपातकालीन सेवा में भर्ती कराया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया और सभी मरीजों को निगरानी में रखा गया।
लोहिया अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में तैनात डॉ. दीपक तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में महिलाओं के मामलों में पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद और पारिवारिक कलह की बात सामने आई है। हालांकि अन्य मामलों में जहरीला पदार्थ खाने के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। सभी मरीजों की हालत पर चिकित्सकों की लगातार नजर बनी हुई है और उनका उपचार जारी है।
एक ही दिन में पांच लोगों ने निगला जहर, तीन महिलाएं और दो युवक लोहिया अस्पताल में भर्ती


