लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून ने फिर रफ्तार पकड़ ली है। लगातार बारिश से गंगा समेत कई नदियां उफान पर हैं। बिजनौर और फर्रुखाबाद में गंगा खतरे के निशान के करीब पहुंच गई है। फर्रुखाबाद के 33 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं और चित्रकूट डिप पर स्टेट हाईवे बंद कर बैरिकेडिंग कर दी गई है। बिजनौर में गंगा के तेज बहाव से हाईवे की एप्रोच रोड बह गई। लखीमपुर-खीरी में शारदा नदी के कटान से स्कूल का भवन नदी में समा गया। शामली में तेज बहाव में कार बह गई, जबकि अंडरपास में फंसी स्कूल बस को ट्रैक्टर से बाहर निकाला गया। मिर्जापुर में बिजली गिरने और पानी से भरे गड्ढे में डूबने की घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी करते हुए अगले चार से पांच दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई है।


