27.4 C
Lucknow
Tuesday, August 4, 2026

पुरानी रंजिश में सोनू उर्फ बिलैया की पीट-पीटकर हत्या का आरोप

Must read

पुरानी रंजिश के चलते घटना को दिया गया अंजाम, पुलिस जांच में जुटी
फर्रुखाबाद। थाना कादरीगेट क्षेत्र के मसेनी निवासी एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों पर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान सोनू उर्फ बिलैया पुत्र स्वर्गीय अशोक कुमार निवासी मसेनी के रूप में हुई है। मृतक के भाई जितेंद्र ने बताया कि गांव के ही कुछ लोगों से उनके परिवार की पुरानी रंजिश चली आ रही थी। उनका आरोप है कि इसी रंजिश के चलते शिवा वाल्मीकि, उसके भाई सैंपी तथा शिवम ने सोनू पर हमला कर दिया।
परिजनों के अनुसार आरोपियों ने पहले सोनू को घेरकर बेरहमी से पीटा। जान बचाने के लिए वह मसेनी चौराहे की ओर भागा, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा किया। गंभीर रूप से घायल सोनू मसेनी चौराहे पर गिर पड़ा। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे सुबह करीब चार बजे गंभीर हालत में डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृत्यु की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। अस्पताल परिसर में परिजनों और रिश्तेदारों की भीड़ जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
मृतक के भाई जितेंद्र का यह भी कहना है कि 2 अगस्त को भी सोनू के साथ मारपीट की गई थी, जिसे दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया गया। उन्होंने इस घटना को भी वर्तमान विवाद से जोड़ते हुए निष्पक्ष जांच और आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों ने कोतवाली फतेहगढ़ पुलिस को तहरीर देकर शिवा वाल्मीकि, सैंपी और शिवम के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। वहीं यह भी बताया गया कि सोनू उर्फ बिलैया का सेंट्रल जेल चौराहा क्षेत्र तथा आवास विकास इलाके के कुछ लोगों से भी विवाद चल रहा था। पुलिस इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article