33.1 C
Lucknow
Thursday, July 30, 2026

ग्रामीणों की सतर्कता से दो संदिग्ध युवक दबोचे, अवैध तमंचा बरामद

Must read

नवाबगंज (फर्रुखाबाद)। नवाबगंज थाना क्षेत्र के ठिठुलिया पट्टी गांव में बुधवार रात ग्रामीणों की सतर्कता से दो संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान एक युवक की कमर से .315 बोर का अवैध तमंचा बरामद होने का दावा किया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों युवकों, उनकी बाइक और बरामद हथियार को कब्जे में लेकर थाने ले गई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।

ग्रामीणों के अनुसार दोनों युवक पिछले तीन-चार दिनों से लगातार गांव में आ रहे थे और कई घंटों तक इधर-उधर घूमते रहते थे। उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर ग्रामीण पहले से निगरानी कर रहे थे। बुधवार रात करीब नौ बजे दोनों युवक बाइक से गांव पहुंचे तो ग्रामीणों ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया।

पूछताछ के दौरान दोनों युवक पहले अपनी सही पहचान और गांव में आने का कारण नहीं बता सके। बाद में उन्होंने बताया कि वे गांव की एक युवती से मिलने के लिए आते थे। इसी दौरान ग्रामीणों ने उनकी तलाशी ली, जिसमें एक युवक के पास से अवैध तमंचा मिलने की बात सामने आई। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक किशोर पुलिसकर्मी को अपनी कमर में रखा तमंचा दिखाता नजर आ रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उनके पास से एक तमंचा बरामद हुआ है। मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article