33.1 C
Lucknow
Thursday, July 30, 2026

संदिग्ध हालात में किशोरी की मौत, अस्पताल में हंगामे के बीच पुलिस ने शुरू की जांच

Must read

 

फर्रुखाबाद। कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव नरसिंहपुर में बुधवार देर रात 14 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार गांव निवासी अखिलेश गंगवार की पुत्री तन्वी की देर रात अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन आनन-फानन में उसे कायमगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे डॉ. राम मनोहर लोहिया संयुक्त चिकित्सालय रेफर कर दिया।

आधी रात के बाद लोहिया अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद किशोरी को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। अस्पताल प्रशासन ने नियमानुसार शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन शव को घर ले जाने की जिद पर अड़ गए। इसे लेकर अस्पताल कर्मियों और परिजनों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई।

मामले की सूचना इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने कादरीगेट थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद शव को मोर्चरी में रखवाते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की गई। फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही किशोरी की मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article