बाराबंकी। फतेहपुर विकासखंड के बसेरा गांव निवासी राहुल खान ने समाज सेवा को अपना जीवन लक्ष्य बनाकर एक अनूठी मिसाल पेश की है। एलएलबी की पढ़ाई पूरी करने के बावजूद उन्होंने विवाह की बजाय समाज सेवा का रास्ता चुना और अपने गांव को आदर्श बनाने का संकल्प लिया।
राहुल खान पिछले 16 वर्षों से लगातार स्वच्छता अभियान चला रहे हैं। उन्होंने अपनी साइकिल को ही ‘स्वच्छ भारत जागरूकता रथ’ का स्वरूप दे दिया है। इसी साइकिल के माध्यम से वह गांव-गांव जाकर लोगों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और साफ-सफाई के प्रति जागरूक करते हैं।
लंबी यात्राओं के दौरान धूप और बारिश से बचने के लिए राहुल ने अपनी साइकिल पर विशेष छत भी तैयार कर रखी है। यह साइकिल उनके अभियान की पहचान बन चुकी है और जहां भी वह पहुंचते हैं, लोगों को स्वच्छता का संदेश देने के साथ स्वयं भी सफाई करने में जुट जाते हैं।
राहुल खान की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि जहां भी उन्हें गंदगी दिखाई देती है, वह बिना किसी संकोच के स्वयं सफाई शुरू कर देते हैं। उनका मानना है कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
राहुल का यह समर्पण अब क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुका है। उनके निरंतर प्रयासों से अनेक लोग स्वच्छता अभियान से जुड़ रहे हैं और गांवों में साफ-सफाई के प्रति जागरूकता बढ़ रही है। समाज सेवा के प्रति उनका समर्पण इस बात का उदाहरण है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और सेवा भाव से एक व्यक्ति भी बड़ा सामाजिक परिवर्तन ला सकता है।


