34.7 C
Lucknow
Wednesday, July 29, 2026

लोहिया अस्पताल में फेको विधि से पहली सफल मोतियाबिंद सर्जरी, अब मरीजों को मिलेगी निशुल्क सुविधा

Must read

क्रासर
सीएमओ डॉक्टर आनंद उपाध्याय ने शुरू कराई फेको विधि मशीन, मोतियाबिंद से ग्रसित मरीजों को मिलेगी बड़ी सुविधा
(संदीप सक्सेना)
फर्रुखाबाद। डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय के नेत्र रोग विभाग में आधुनिक फेको विधि से मोतियाबिंद का पहला सफल ऑपरेशन किया गया। नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. मेघा सक्सेना ने अपनी टीम के साथ यह सर्जरी सफलतापूर्वक संपन्न की। अस्पताल प्रशासन ने इसे मरीजों के लिए बड़ी उपलब्धि बताया है।
जानकारी के अनुसार, शहर की आवास विकास कॉलोनी निवासी अनुपम (39 वर्ष), पुत्र दिनेश चंद्र लंबे समय से आंख की समस्या से परेशान थे। उपचार के लिए उन्होंने लोहिया अस्पताल के नेत्र विभाग में संपर्क किया। जांच के बाद उनकी दाहिनी आंख का ऑपरेशन फेको विधि से किया गया, जो पूरी तरह सफल रहा।
बताया गया कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय की पहल पर नेत्र विभाग में स्थापित फेको मशीन को गत शनिवार से संचालित किया गया। इस दौरान अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. जगमोहन शर्मा भी मौजूद रहे। मशीन शुरू होने के बाद मंगलवार को डॉ. मेघा सक्सेना ने पहला सफल ऑपरेशन कर अस्पताल के लिए नई उपलब्धि दर्ज की।
डॉ. मेघा सक्सेना ने बताया कि फेको विधि आधुनिक तकनीक पर आधारित सर्जरी है, जिसमें आंख पर बहुत छोटा चीरा लगाया जाता है। इस कारण मरीज को कम तकलीफ होती है, दृष्टि जल्दी स्पष्ट होती है और वह कम समय में सामान्य जीवन में लौट सकता है।
उन्होंने बताया कि निजी अस्पतालों में इस प्रकार की सर्जरी पर मरीजों को लगभग ₹20,000 तक खर्च करना पड़ता है, जबकि अब यही सुविधा डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय में पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध होगी। इससे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को आधुनिक नेत्र उपचार का लाभ बिना किसी शुल्क के मिल सकेगा। अस्पताल प्रशासन ने उम्मीद जताई कि इस सुविधा से जिले के बड़ी संख्या में मोतियाबिंद मरीजों को राहत मिलेगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article