गंगा घाटों पर उमड़े हजारों श्रद्धालु, सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
फर्रुखाबाद। गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर फर्रुखाबाद के गंगा घाटों पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। मंगलवार रात 12 बजे से ही श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान शुरू कर दिया, जो बुधवार सुबह तक लगातार जारी रहा। जिले के प्रसिद्ध पांचाल घाट, बरगदिया घाट, रानी घाट, श्रंगीरामपुर और ढाई घाट पर हजारों श्रद्धालुओं ने पवित्र गंगा में डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना की और अपने गुरुजनों के प्रति श्रद्धा व्यक्त की।
सबसे अधिक भीड़ पांचाल घाट पर देखने को मिली। सुबह 9 बजे तक यहां 20 हजार से अधिक श्रद्धालु गंगा स्नान कर चुके थे। फर्रुखाबाद के अलावा हरदोई, कन्नौज, मैनपुरी, कासगंज, एटा सहित आसपास के कई जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा तट पर पहुंचे। घाटों पर “हर-हर गंगे” और “जय गंगा मैया” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की, गंगा आरती उतारी, प्रसाद अर्पित किया तथा पहरावन चढ़ाकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कई स्थानों पर सत्यनारायण भगवान की कथा का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण किया। श्रद्धालुओं ने दान-पुण्य कर जरूरतमंदों की सहायता की। विभिन्न सामाजिक संगठनों और श्रद्धालुओं की ओर से भंडारों का आयोजन भी किया गया, जहां हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। घरों में भी महिलाओं ने विशेष पूजन-अर्चन कर परिवार की मंगलकामना की।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क रहा। सभी प्रमुख घाटों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। जल पुलिस, गोताखोरों की टीम और फ्लड यूनिट लगातार गंगा में निगरानी करती रही, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। गहरे पानी में स्नान न करने के लिए चेतावनी बोर्ड लगाए गए थे तथा नदी में रस्सियों के माध्यम से बैरिकेडिंग की गई थी। इसके बावजूद कुछ श्रद्धालु बैरिकेडिंग पार कर गहरे पानी की ओर जाते दिखाई दिए, जिन्हें पुलिस और गोताखोरों ने समझाकर सुरक्षित स्थानों पर वापस भेजा।
उधर, पांचाल घाट पुल पर हाल ही में हुए मरम्मत एवं ज्वाइंट कार्य के चलते लगाए गए डिवाइडरों के कारण दिनभर वाहनों का दबाव बना रहा। श्रद्धालुओं की अधिक संख्या के चलते कई बार जाम की स्थिति उत्पन्न हुई। यातायात पुलिस और पांचाल घाट चौकी प्रभारी ने मोर्चा संभालते हुए वाहनों का संचालन धीरे-धीरे कराया, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रही।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर फर्रुखाबाद के गंगा घाटों पर श्रद्धा, आस्था और धार्मिक उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रशासन की सतर्कता और सुरक्षा इंतजामों के बीच हजारों श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण ढंग से स्नान और पूजा-अर्चना कर पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाया।


