फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ कैंट क्षेत्र में आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्यरत सफाई कर्मचारियों ने वेतन, ईपीएफ और लंबित बोनस के भुगतान की मांग को लेकर मंगलवार को कामकाज ठप कर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। कर्मचारियों के विरोध के चलते क्षेत्र की सफाई व्यवस्था भी प्रभावित होती दिखाई दी।
धरने पर बैठे कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें कई महीनों से समय पर वेतन नहीं मिल रहा है। आरोप है कि पिछले लगभग दस माह से उनके ईपीएफ खाते में अंशदान जमा नहीं किया गया, जबकि बीते वर्ष का बोनस भी अब तक नहीं मिला है। कई बार संबंधित अधिकारियों और कंपनी प्रबंधन को शिकायतें देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।
कर्मचारियों ने बताया कि लगातार वेतन में देरी और अन्य बकाया भुगतान न होने से उनके परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। जुलाई माह में बच्चों की स्कूल फीस जमा करना भी मुश्किल हो गया है। कई कर्मचारियों का कहना है कि फीस न भर पाने के कारण उनके बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और कुछ बच्चे स्कूल जाने से भी वंचित हैं।
धरनास्थल पर मौजूद कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि आंदोलन शुरू होने के बाद भी कंपनी का कोई जिम्मेदार अधिकारी उनकी समस्याएं सुनने नहीं पहुंचा। इससे कर्मचारियों में रोष और बढ़ गया। उनका कहना है कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित कंपनी और अधिकारियों की होगी।
धरना दे रहे कर्मचारियों ने स्पष्ट कहा कि वेतन, ईपीएफ और बोनस का भुगतान होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
वेतन, ईपीएफ और बोनस को लेकर फूटा कर्मचारियों का गुस्सा, कैंट क्षेत्र में सफाई व्यवस्था प्रभावित


